नमामि गंगे परियोजना से स्वच्छ हुई मां गंगा, हरिद्वार में 100 टन से अधिक कचरा एकत्रित
हरिद्वार। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के प्रयासों को नई गति मिली है। नमामि गंगे परियोजना के तहत एसटीपी प्लांटों के निर्माण और नालों की टैपिंग के कार्यों में तेजी आने के साथ ही हरिद्वार में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। गंगा बंदी के दौरान चलाए गए इस अभियान में विभिन्न विभागों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सहयोग से 100 टन से अधिक कचरा एकत्रित किया गया। इसके बाद हर की पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर स्वच्छता की तस्वीर देखने को मिली।
गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए धामी सरकार द्वारा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा और उसकी सहायक नदियों के किनारे बसे शहरों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी एसटीपी का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही गंगा में गिरने वाले नालों की टैपिंग का कार्य भी किया गया है।
उत्तराखंड पेयजल निगम के अनुसार हरिद्वार में गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर उनकी निकासी एसटीपी प्लांट से जोड़ी जा चुकी है। वहीं, शहर में 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट संचालित हैं। इसके अलावा शिवालिक नगर में एक एसटीपी और विभिन्न स्थानों पर आठ सीवरेज पंपिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
वहीं, गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार प्रशासन ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें विभिन्न विभागों के साथ धार्मिक, स्वयंसेवी और व्यापारिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। अभियान के तहत घाटों और नदी तटों की सफाई के साथ वर्षों से जमा प्लास्टिक कचरा, पूजा सामग्री और नदी में प्रवाहित किए गए कपड़ों को भी एकत्रित किया गया। इस दौरान 100 टन से अधिक कचरा हटाया गया।
दीपावली की रात जब गंगा का जल फिर से पूरे वेग के साथ हर की पैड़ी पहुंचा, तो घाटों पर स्वच्छता और मां गंगा के निर्मल स्वरूप की झलक दिखाई दी। प्रशासन अब तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को जागरूक कर गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं। उनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत एसटीपी निर्माण, नालों की टैपिंग और जनसहभागिता से स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेंगे।

