October 14, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के 40 मामले, 5 मरीजों की मौत; स्वास्थ्य विभाग ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के 40 मामले, 5 मरीजों की मौत; स्वास्थ्य विभाग ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं

By on August 27, 2026 0 42 Views

देहरादून: उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के अब तक 40 मामले सामने आए हैं, जिनमें 28 मामले अकेले देहरादून से हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 27 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि अन्य मरीजों का उपचार चल रहा है। अब तक 5 मरीजों की मौत हुई है। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में पहले से अन्य गंभीर बीमारियां भी थीं।

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में अलग बिस्तर चिह्नित करने के साथ पर्याप्त दवाइयां, मास्क, सैनिटाइजर और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल अधिकांश मामले हल्के हैं, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और पहले से किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, सर्दी-जुकाम या बुखार होने पर घर पर रहने, खांसते-छींकते समय रुमाल या टिश्यू का इस्तेमाल करने और नियमित रूप से हाथ साफ करने की अपील की है।

देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने कहा कि कोरोना काल में अपनाई गई सावधानियां स्वाइन फ्लू से बचाव में भी प्रभावी हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने, लेकिन अफवाह या घबराहट की स्थिति पैदा न करने की अपील की।