Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वन एवं वन्यजीव सुरक्षा को लेकर निकाला गया फ्लैग मार्च

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वन एवं वन्यजीव सुरक्षा को लेकर निकाला गया फ्लैग मार्च

By on May 22, 2026 0 22 Views

रामनगर। Corbett Tiger Reserve द्वारा वन एवं वन्यजीव सुरक्षा, वनाग्नि सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के दृष्टिगत जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को बिजरानी उप प्रभाग के नेतृत्व में व्यापक फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।

यह फ्लैग मार्च श्री बिंदर पाल, पार्क वार्डन एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी, बिजरानी उप प्रभाग के नेतृत्व में बिजरानी रेंज, सरपदुली रेंज, सुरक्षा इकाई, रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज तथा स्थानीय पुलिस बल के संयुक्त सहयोग से गर्जिया वन परिसर से सांवलदे वन परिसर तक निकाला गया।

फ्लैग मार्च से पूर्व समस्त स्टाफ गर्जिया वन परिसर में एकत्रित हुआ, जहां पार्क वार्डन द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। उन्होंने बताया कि हाल ही में हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में अवैध शिकार की घटना प्रकाश में आने के बाद Corbett Tiger Reserve में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है।

उन्होंने वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा उन्हें विफल करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने नियमित रूप से सघन गश्त, कंबिंग एवं रात्रि एम्बुश अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी भी बाहरी अथवा संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल स्थानीय वन चौकी को दें तथा बिना अनुमति जंगलों में प्रवेश न करें।

वन क्षेत्राधिकारी बिजरानी नवीन चंद्र पांडे ने आसपास के ग्रामीणों से विशेष अनुरोध किया कि वे घरों के आसपास कूड़ा न जलाएं, क्योंकि इससे उत्पन्न आग जंगलों तक फैल सकती है। उन्होंने कहा कि वनाग्नि काल में जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। किसी भी वनाग्नि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील भी की गई।
फ्लैग मार्च गर्जिया वन परिसर, ढिकुली, लदुवा, राष्ट्रीय राजमार्ग-309, लखनपुर चौक, कोटद्वार रोड, चोरपानी, गौजानी, कनियां एवं हिमतपुर डोटियाल होते हुए सांवलदे परिसर तक पहुंचा।