October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • सीएम योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सीएम योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

By on March 4, 2024 0 714 Views

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। हैरानी की बात ये है कि मुख्य आरक्षी को ही फोन कर के सीएम योगी के बारे में ऐसी धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद सेंट्रल जोन के महानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा सर्विलांस सेल की मदद से धमकी देने वाले का मोबाइल ट्रेस किया जा रहा है।

मुख्य आरक्षी ने उठाई थी कॉल

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी के लिए धमकी भरी कॉल सीयूजी नंबर पर 2 मार्च को की गई थी। इस कॉल को मुख्य आरक्षी ने उठाया था। मुख्य आरक्षी को कॉल करने वाले ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसके बाद सुरक्षा मुख्यालय में तैनात मुख्य आरक्षी की तहरीर पर सेंट्रल जोन के महानगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरक्षी द्वारा जैसे ही पूछा गया कहां से बोल रहे हैं आप, तत्काल फोन काट दिया गया। इसके बाद महानगर थाने में सुरक्षा मुख्यालय में तैनात कॉन्स्टेबल उधम सिंह की तरफ़ से मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगायी गई हैं। सर्विलांस सेल की मदद से धमकी देने वाले का मोबाइल ट्रेस किया जा रहा है।

पहले भी मिल चुकी धमकी

इससे पहले भी सीएम योगी और राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। धमकी देने वाले दो आरोपियों को यूपी एसटीएफ ने राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित विभूति खंड इलाके से गिरफ्तार किया था। आरोपियों के नाम ताहर सिंह और ओमप्रकाश मिश्रा थे और दोनों ही राज्य के गोंडा जिले के रहने वाले थे। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ पर बताया कि वे एक पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में काम करते थे।