October 15, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • चकराता, सहसपुर और विकासनगर के कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ, गणेश गोदियाल ने दिलाई सदस्यता

चकराता, सहसपुर और विकासनगर के कई लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ, गणेश गोदियाल ने दिलाई सदस्यता

By on October 15, 2026 0 8 Views

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में चकराता, सहसपुर और विकासनगर क्षेत्र के कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत की मौजूदगी में नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया।

गणेश गोदियाल ने पार्टी में शामिल हुए लोगों को फूलमालाएं पहनाईं और पार्टी का पटका देकर सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की आजादी, लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाला जन आंदोलन है।

गोदियाल ने कहा कि राजनीतिक और प्रशासनिक सेवाओं से सेवानिवृत्त लोग, आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता और सहसपुर क्षेत्र के कई पूर्व सैन्य अधिकारी कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उनके अनुसार, ये सभी प्रदेश में राजनीतिक बदलाव चाहते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर उत्तराखंड के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में बदलाव जरूरी है।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में चकराता विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक अनंत राम चौहान, सेवानिवृत्त कैप्टन ताजवार सिंह नेगी, हीरा बल्लभ पांडे, सोबन सिंह और जितेंद्र सिंह शशांक भट्ट सहित अन्य लोग शामिल रहे।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे मुद्दों पर सरकार के पास ठोस कार्ययोजना नहीं है। रावत ने दावा किया कि नए लोगों के पार्टी से जुड़ने से कांग्रेस का जनाधार और मजबूत होगा।