October 29, 2026
Breaking News

इस जेल मे चलता है 12 से 3 का शो, क़ैदी देखते हैं फिल्म

By on September 30, 2021 0 329 Views

हरिद्वार: अपराध से नफरत होनी चाहिए अपराधी से नहीं। अपराधी को सही माहौल दे कर सुधारा जा सकता है। इसी तर्ज पर हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित जेल में बन्द कैदियों को सुधारने ओर उनका ह्रदय परिवर्तन करने के लिए कई कार्यक्रम होते रहते है। इस क्रम में कभी योग तो कभी प्रवचन या कभी कृष्णलीला का मंचन आयोजन हरिद्वार जेल में होता है।

अब कैदियों को सुधारने की सोच को लेकर हरिद्वार के ज़िला जेल में बंद कैदी फिल्में भी देख सकेंगे। इसके लिए प्रत्येक बैरक के बंदियों को हर रोज सुबह 12:00 से 3:00 बजे तक देश भक्ति पर आधारित व अध्यात्मिक फिल्में दिखाई जाएंगी। जिसके लिए हरिद्वार के जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने एक मिनी सिनेमा जेल में बनाया है। इस मिनी सिनेमा का नाम प्रेम मंदिर सिनेमा रखा है। इस मिनी सिनेमा को 02 हफ्ते में तैयार किया गया है जिसमें प्रोजेक्टर के माध्यम से कैदियों को फिल्में दिखाई जा रही हैं। हरिद्वार जिला जेल के जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने इसके पीछे उद्देश्य बताते हुए कहा कि कैदी धार्मिक व देशभक्ति फिल्में देखकर अपराध की दुनिया को छोड़ जेल से रिहा होने के बाद अच्छा जीवन जी सकें। इसके साथ ही सांस्कृतिक फिल्में भी इस जेल मे सिनेमा में दिखाई जाएंगी। मनोज कुमार आर्य ने बताया कि ज़िला कारागार में बंदियों के तनाव को कम करने के लिए लगातार हमारे द्वारा प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले हमने हरिद्वार जेल में कृष्णलीला का भी मंचन आयोजित करवाया था जो कि सफल आयोजन रहा था।