Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • खटीमा में 89 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण, मुख्यमंत्री धामी बोले- युवाओं के भविष्य को मिलेगा नया आधार

खटीमा में 89 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण, मुख्यमंत्री धामी बोले- युवाओं के भविष्य को मिलेगा नया आधार

By on May 25, 2026 0 3 Views

रुद्रपुर। Pushkar Singh Dhami ने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं से जुड़ी लगभग 89 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत एवं आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये सभी सुविधाएं विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “दीदी की लाइब्रेरी” प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पुस्तकालय छात्रों को शांत और अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते थे, लेकिन यह लाइब्रेरी ऐसे युवाओं के सपनों को साकार करने में मददगार बनेगी।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण के साथ उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने व्यायामशाला भवन के आधुनिकीकरण को भी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है और उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए खेल एवं फिटनेस सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि खटीमा उनके गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का भी केंद्र है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।