September 11, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • रामनगर-काशीपुर हाईवे पर गड्ढों का ‘सफर’, पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा असर

रामनगर-काशीपुर हाईवे पर गड्ढों का ‘सफर’, पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा असर

By on September 11, 2026 0 3 Views

रामनगर। रामनगर से काशीपुर की दूरी महज 28 किलोमीटर है, लेकिन बदहाल सड़क के कारण यह छोटा सा सफर अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
रामनगर-काशीपुर नेशनल हाईवे-309 पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। कई स्थानों पर सड़क कम और गड्ढे ज्यादा नजर आ रहे हैं। सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और वे लगातार जिम्मेदार विभाग से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी लोग हाईवे की बदहाल स्थिति पर तंज कस रहे हैं। कुछ लोग इसे एनएच की ओर से तैयार किया गया ‘ऑफ रोड ड्राइविंग ट्रैक’ तक बता रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद मरम्मत और सुधार को लेकर ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
सड़क की खराब हालत का असर रामनगर के पर्यटन कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले कुछ पर्यटक खराब सड़क से बचने के लिए बाजपुर के रास्ते रामनगर पहुंच रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ ही समय और ईंधन का भी अधिक खर्च उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के साथ पर्यटन कारोबारियों में भी हाईवे की बदहाली को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि जल्द सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले पर्यटन सीजन में इसका सीधा असर रामनगर के पर्यटन कारोबार पर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबारियों ने संबंधित विभाग से हाईवे की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।