12 सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों का जनजागरण, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
रामनगर। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर 12 सूत्रीय मांगों को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के प्रथम चरण के आठवें दिन रामनगर आरटीओ कार्यालय में गेट मीटिंग आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित बैठक में मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों को मांगों और आंदोलन की आगामी रणनीति के बारे में जानकारी दी गई।
गेट मीटिंग का संचालन मोहित सिंह राठौर ने किया। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती मंगनरी ह्यांकी ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए फेडरेशन की प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा। इनमें कनिष्ठ सहायक का वेतन उच्चीकृत कर लेवल-5 अनुमन्य करने, प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी के पदों को समाहित कर पदनाम प्रशासनिक अधिकारी करने, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पदों को समाहित कर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पदनाम करने, उप निदेशक प्रशासन के लेवल-11 के अतिरिक्त पद सृजित करने, गोल्डन कार्ड की असुविधाएं दूर करने, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के कर्तव्य एवं दायित्व निर्धारित करने तथा मिनिस्ट्रियल कार्मिकों की कॉमन सेवा नियमावली प्रख्यापित करने जैसी मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा मिनिस्ट्रियल पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनाती बंद करने सहित अन्य मांगों को लेकर सरकार और शासन को आंदोलन का नोटिस दिए जाने की जानकारी दी गई।
फेडरेशन के मुख्य संयोजक आनंद सिंह रावत ने सभी कार्मिकों से आंदोलन में शत-प्रतिशत भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द ही मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं करती है तो प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए कर्मचारी तैयार रहेंगे।
गेट मीटिंग में जिलामंत्री सोमपाल सिंह चौहान, मीडिया संयोजक ललित मोहन सती, रजत आर्या, विनित तोमर, राजू सुमन, राजकुमार, गुलशन कुमार, शबनम जहां, हर्षिता दानी, मु. आजम और हर्ष रत्नाकर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

