October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • शाहजहांपुर में चलती बस में लगी आग:यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

शाहजहांपुर में चलती बस में लगी आग:यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

By on February 23, 2025 0 322 Views

शाहजहांपुर : शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे 24 पर एक बड़ा हादसा होने से बच गया। श्रावस्ती से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार 40 यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई।

वहीं चालक ने बस को तुरंत रोड किनारे रोककर पुलिस को सूचना दी। हालांकि बस में रखा यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची।

फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। इस घटना के कारण हाईवे के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया है। पुलिस जाम को खुलवाने का प्रयास कर रही है। सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि आग लगने से बस में बैठी सवारियों को चोट नहीं आई है। सभी यात्री सुरक्षित बस से बचा लिए गए है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है।

श्रावस्ती के रहने वाले बस चालक गोविंद ने बताया कि बस में अलग-अलग सवारियां बैठी थीं। बस के अंदर काफी हीट लग रही थी। जब बस को रोका तो इंजन में आग लग चुकी थी। उसके बाद सभी सवारियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया था। यात्रियों का कुछ सामान जल गया है। गनीमत रही कि आग ने जब विकराल रूप लिया उससे पहले ही यात्रियों को नीचे उतार चुके थे।

वहीं श्रावस्ती की रहने वाली सईदा अपने पति सुबूर के साथ उमराह करने के लिए निकली। वह बस में आगे वाली सीट पर बैठी थीं। उनको बस के अंदर काफी गर्म लग रहा था। उन्होंने चालक को इसके बारे में बताया था। उमराह करने जा रहे सुबूर ने कहा कि शनिवार को उनका दिल्ली से एयरपोर्ट से जाने के लिए टिकट हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे काम से जा रहे थे। इसलिए ऊपर वाले ने सबकी जान बचा ली।