October 29, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • मिड डे मील में गड़बड़ी कर फंसी मैडम तो बच्चों पर निकाला गुस्सा, दनादन बरसाये चप्पल, सहकर्मियों को भी दी धमकी, देखें Viral Video

मिड डे मील में गड़बड़ी कर फंसी मैडम तो बच्चों पर निकाला गुस्सा, दनादन बरसाये चप्पल, सहकर्मियों को भी दी धमकी, देखें Viral Video

By on October 21, 2023 0 718 Views

सुल्तानपुर. यूपी में एक लेडी टीचर का जालिम रूप देखने को मिला है. मामला सुल्तानपुर से जुड़ा है, जहां प्रधानाध्यापिका द्वारा बच्ची की निर्मम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में प्रधानाध्यापिका न सिर्फ बच्ची की पिटाई करती नजर आ रही है, बल्कि पिटाई का विरोध करने और वीडियो बनाने पर अपने सहकर्मियों को भी चप्पल से पीटती नजर आ रही है.

मामला आलाधिकारियों के पास पहुंचा तो पता लगा कि मैडम मध्यान्ह भोजन में कम बच्चों की संख्या ज्यादा दिखा रही थीं. इसी के लिए जांच टीम भेजी गई तो मामला सही पाया गया. इसी की आशंका में प्रधानाध्यापिका ने बच्ची की पिटाई की. बहरहाल बीएसए ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है और कार्यवाही करने की बात कह रही हैं.

मामला बल्दीराय तहसील के हलियापुर उच्च माध्यमिक विद्यालय का है. इसी विद्यालय में शशिबाला सिंह प्रधानाध्यापिका के पद पर तैनात हैं. दोपहर में इन्हीं प्रधानाध्यापिका का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वो एक बच्ची की निर्मम पिटाई करती नजर आ रही हैं. इसके साथ ही इस पिटाई का विरोध करने और वहां मौजूद सहकर्मियों द्वारा वीडियो बनाता देख मैडम का पारा और उग्र हो गया और उन्होंने अपनी चप्पल उतारी और अनुदेशक को ही पीटना शुरू कर दिया.

बहरहाल  बच्ची और अनुदेशक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। मामला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका चतुर्वेदी के पास पहुंचा. बीएसए की मानें तो ये मैडम मध्यान्ह भोजन में बच्चों की संख्या बढ़ा कर भेजती थीं, जिसकी शिकायत मिलने पर जांच टीम भेजी गई तो मामला सत्य पाया गया, इसके साथ ही जिन बच्चियों से जांच टीम ने पूछताछ की थी. इसी शंका के आधार पर उन्ही बच्चियों को मैडम ने पढ़ाई का बहाना बनाते हुए पीटना शुरू कर दिया. इस मामले में प्रधान अध्यापिका शशिबाला सिंह को सस्पेंड कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है.