कॉर्बेट में होगा लिटरेचर फेस्टिवल, जुटेंगी 34 नामचीन हस्तियां
रामनगर। वन्यजीव सप्ताह के दौरान कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में इस बार साहित्य, पर्यावरण और वन्यजीवों से जुड़ा खास आयोजन होने जा रहा है। कॉर्बेट प्रशासन की ओर से 6, 7 और 8 अक्टूबर को कॉर्बेट लिटरेचर फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा।
तीन दिवसीय इस आयोजन में देश-दुनिया में अपने-अपने क्षेत्र में पहचान रखने वाली करीब 34 नामचीन हस्तियां शामिल होंगी। इनमें पर्यावरण, हिमालय और वन्यजीव विशेषज्ञों के साथ ही जाने-माने फोटोग्राफर, पत्रकार और उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों से जुड़े जानकार भी शिरकत करेंगे।
फेस्टिवल का उद्देश्य विशेषज्ञों और वन्यजीव प्रेमियों को एक मंच पर लाने के साथ ही कॉर्बेट से जुड़े विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के बीच संवाद को बढ़ावा देना है।
खास बात यह है कि क्षेत्र के बच्चों के लिए भी विशेषज्ञों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें बच्चे पर्यावरण, वन्यजीव, फोटोग्राफी, हिमालय और स्थानीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर सीधे विशेषज्ञों से जानकारी हासिल कर सकेंगे।
कॉर्बेट प्रशासन का मानना है कि ऐसे संवाद भावी पीढ़ी को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर कॉर्बेट और वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।

