October 12, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उत्तराखंड: SDRF को मिला आईएसओ प्रमाणपत्र, आपदा प्रबंधन में गुणवत्ता का नया मानक स्थापित, CM धामी ने दी बधाई

उत्तराखंड: SDRF को मिला आईएसओ प्रमाणपत्र, आपदा प्रबंधन में गुणवत्ता का नया मानक स्थापित, CM धामी ने दी बधाई

By on October 12, 2026 0 3 Views

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणपत्र मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बल के अधिकारियों और जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह एसडीआरएफ की कार्यकुशलता, अनुशासन, समर्पण और आपदा प्रबंधन में उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहां प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में एसडीआरएफ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बल के जवान कठिन परिस्थितियों में तत्परता, साहस और सेवाभाव के साथ राहत एवं बचाव कार्य करते हुए लोगों की जान बचाने और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने में अहम योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आईएसओ 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त होना संगठन की प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था, निर्धारित कार्यप्रणाली, सेवाओं की गुणवत्ता और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह उपलब्धि एसडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों की मेहनत, समर्पण तथा टीम भावना का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि को कम करना और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसडीआरएफ भविष्य में भी राहत एवं बचाव कार्यों में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी सहित बल के सभी अधिकारियों, जवानों और संबंधित कार्मिकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।