पौड़ी में गुलदार का खूनी आतंक, घास काटने गई महिला को बनाया निवाला
पौड़ी। पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड अंतर्गत बणासी तल्ली गांव में गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार सुबह घास काटने जंगल गई महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे जंगल की ओर घसीट लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में शूटर तैनात करने के साथ ट्रैप कैमरे और पिंजरे लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह गांव की निवासी सुशीला देवी अपनी साथी शांति देवी के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका भी नहीं मिला और गुलदार उसे घसीटते हुए जंगल के भीतर ले गया।
घटना के बाद शांति देवी के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर सुशीला देवी का शव बरामद हुआ।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी दी गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने वन विभाग से आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने, क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के हमलों के कारण जंगल और खेतों में जाना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे और पिंजरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गश्त करेगी और प्रशिक्षित शूटर को भी मौके पर तैनात कर दिया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल कोई भी व्यक्ति अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाए और गुलदार दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दे।

