रामनगर कंबाइंड हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सुविधाओं का टोटा, ENT-हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं; CT स्कैन भी खराब
रामनगर। रामनगर के कंबाइंड हॉस्पिटल में इन दिनों स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में ईएनटी और हड्डी रोग विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने से संबंधित मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। वहीं, एमआरआई की सुविधा पहले से ही अस्पताल में उपलब्ध नहीं है और सीटी स्कैन मशीन भी खराब पड़ी है।
रामनगर को गढ़वाल और कुमाऊं का प्रवेश द्वार माना जाता है। यहां से गढ़वाल के धुमाकोट के साथ ही अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र के लोग भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कंबाइंड हॉस्पिटल पर आसपास के कई क्षेत्रों के मरीजों का दबाव रहता है।
अस्पताल में ईएनटी और हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं होने के कारण इन विभागों से जुड़े मरीजों को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजना पड़ रहा है। इसके अलावा अस्पताल में एमआरआई की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है, जबकि सीटी स्कैन मशीन खराब होने के कारण मरीजों को जांच के लिए भी बाहर जाना पड़ रहा है।
वहीं, अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट भी स्वास्थ्य खराब होने के चलते इन दिनों अस्पताल नहीं आ पा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, रेडियोलॉजिस्ट के जल्द वापस आने की उम्मीद है। फिलहाल विशेषज्ञ चिकित्सकों और जांच सुविधाओं की कमी के चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

