October 17, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • सांसद अजय भट्ट ने महिला चिकित्सालय हल्द्वानी के MCH विंग में जरूरी संशोधनों की उठाई मांग

सांसद अजय भट्ट ने महिला चिकित्सालय हल्द्वानी के MCH विंग में जरूरी संशोधनों की उठाई मांग

By on May 29, 2026 0 50 Views

हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व नैनीताल उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने महिला चिकित्सालय हल्द्वानी में निर्माणाधीन 50 शैयायुक्त एमसीएच (MCH) विंग में आवश्यक संशोधनों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल को पत्र भेजा है। सांसद ने जनहित और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य में स्टिल्ट पार्किंग और कनेक्टिविटी ब्रिज जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं को शामिल करने की मांग की है।

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में बताया कि 19 मई 2026 को महिला चिकित्सालय हल्द्वानी में निर्माणाधीन एमसीएच विंग की प्रगति को लेकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की गई थी। बैठक में अस्पताल की भावी जरूरतों को देखते हुए वर्तमान मानचित्र में कुछ जरूरी संशोधन किए जाने की आवश्यकता सामने आई।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य के कारण अस्पताल परिसर की लगभग 12 से 14 मीटर भूमि एनएचएआई द्वारा अधिग्रहित किए जाने से पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी हो गया है। इसी को देखते हुए जिला विकास प्राधिकरण द्वारा संशोधित प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।

सांसद ने यह भी कहा कि मुख्य भवन और एमसीएच विंग के बीच बेहतर समन्वय और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए कनेक्टिविटी ब्रिज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। कार्यदायी संस्था द्वारा स्टिल्ट पार्किंग और कनेक्टिविटी ब्रिज सहित करीब 1630.380 लाख रुपये का पुनरीक्षित आगणन शासन को भेजा जा चुका है।

अजय भट्ट ने स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि भविष्य में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संशोधित प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यदि पुराने मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य किया गया तो आने वाले समय में अस्पताल को कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।