कार चालक अपने मालिक की कार और उन्नीस लाख रुपये लेकर हुआ फरार
रामनगर।कार चालक अपने मालिक के कार और उन्नीस लाख रुपये लेकर फरार हो गया।पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।काशीपुर के रहने वाले राकेश कुमार उर्फ रॉकी का रॉकी टैंट एवं कैटर्स के नाम से फर्म है। एसएसआई मुनव्वर हुसैन ने बताया कि दो दिसंबर की रात साढ़े आठ बजे वह ड्राईवर साजिद पुत्र शफीक निवासी कटोराताल के साथ मारूति स्वीफ्ट डिजायर संख्या यूके-18ए-1186 से ढिकुली स्थित एक रिजॉर्ट में पहुंचा था, कार में 19 लाख रुपए भी थे। रिजॉर्ट में हो रही शादी में भी कैटरिंग का काम कारोबारी पर था और वह वेंडरों को रुपए देने के लिए रिजॉर्ट पहुंचे थे। कार में ड्राईवर को छोड़कर कारोबारी रिजॉर्ट में अपने वेंडरों से मिलने चला गया। कारोबारी ने जब ड्राईवर को रुपयों से भरा बैग रिजॉर्ट में लेकर आने को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। रिजॉर्ट के बाहर आकर देखा तो ड्राईवर कार लेकर फरार हो चुका था।उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश के लिए दो टीमें गठित कर अलग-अलग क्षेत्रों में भेज दी गई है।बताया कि शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

