Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • चारधाम यात्रा होगी और सुगम, मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर सचिव आवास ने की समीक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को मिलेगा बड़ा लाभ

चारधाम यात्रा होगी और सुगम, मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर सचिव आवास ने की समीक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को मिलेगा बड़ा लाभ

By on August 7, 2026 0 7 Views

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए कर्णप्रयाग और सिमली में आधुनिक पार्किंग परियोजनाओं को गति दी जा रही है। गुरुवार को सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विस्तृत वित्तीय समिति (डीएफसी) की बैठक में दोनों परियोजनाओं की वित्तीय, तकनीकी और निर्माण संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। बताया गया कि इन परियोजनाओं से चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के साथ स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।

कर्णप्रयाग पार्किंग परियोजना की अनुमानित लागत 3.73 करोड़ रुपये है। यहां 22 चारपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। परियोजना में प्रथम तल पर आधुनिक व्यावसायिक हॉल भी बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और राजस्व सृजन होगा। इससे मुख्य बाजार में सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग और जाम की समस्या में कमी आएगी।

सिमली पार्किंग परियोजना की अनुमानित लागत 3.98 करोड़ रुपये है, जिसमें 30 चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर स्थित सिमली चारधाम यात्रा, श्री नंदा देवी राजजात यात्रा और गैरसैंण मार्ग का प्रमुख जंक्शन है। नई पार्किंग बनने से यहां ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुचारु और सुरक्षित होगी।

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार चारधाम यात्रा मार्गों पर आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कर्णप्रयाग और सिमली पार्किंग परियोजनाएं यात्रियों की सुविधा, बेहतर यातायात प्रबंधन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।