43 धार्मिक स्थलों से हटाए गए लाउडस्पीकर, ध्वनि प्रदूषण पर दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देहरादून। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित हो रहे 43 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए गए। पुलिस ने संबंधित संस्थाओं और व्यक्तियों को बिना सक्षम अनुमति तथा निर्धारित मानकों के विपरीत ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और शासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए जागरूक भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखना और ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण उनकी प्राथमिकता है। अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा सभी धार्मिक स्थलों और अन्य संस्थानों में निर्धारित ध्वनि मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

