October 30, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • आतंकी गतिविधियों के शक में पत्नी ने कर दी पति की शिकायत, NIA ने मार दिया छापा

आतंकी गतिविधियों के शक में पत्नी ने कर दी पति की शिकायत, NIA ने मार दिया छापा

By on November 24, 2023 0 903 Views

रुड़की। आतंकी गतिविधियों के शक में एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम ने एक युवक के घर पर छापा मारा। युवक घर पर नहीं मिला। टीम ने उसके स्वजन से उसके बारे में जानकारी ली। इससे पहले टीम हरिद्वार पहुंची थी। दो दिन से टीम हरिद्वार में डेरा डाले है। पुलिस अधिकारियों ने एनआईए टीम की छापेमारी की पुष्टि तो की है, लेकिन इससे अधिक कोई भी पुलिस अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।

सूत्रों के मुताबिक रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवक की शादी एक साल पहले उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर क्षेत्र निवासी एक युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दंपती में विवाद होने लगा। इसी विवाद के चलते महिला अपने मायके में आ गई थी। इसके बाद युवती पक्ष की तरफ से युवक पर सहारनपुर में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का लगाया था आरोप

कुछ समय पहले युवती पक्ष ने केंद्र के अधिकारियों से शिकायत करते हुए बताया था कि युवक आतंकी गतिविधियों में संलिप्त होने के साथ ही गलत लोगों से संबंध रखता है। इसी मामले की जांच एनआईए की टीम को मिली थी। मामले की जांच करने के लिए एनआईए की टीम मंगलवार को हरिद्वार पहुंची थी। यहां पर पुलिस के उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया था।

एनआईए की टीम ने मारा छापा

बुधवार को एनआईए की टीम रुड़की पहुंची। टीम ने स्थानीय खुफिया विभाग के साथ युवक के घर पर छापा मारा, लेकिन युवक घर पर नहीं मिला। टीम ने उसके स्वजन से काफी देर तक इस मामले में पूछताछ की थी। इसके बाद टीम ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर युवक का अपराधिक इतिहास खंगाला। एनआईए के टीम रात तक रुड़की में डेरा डाले है। इस मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।