October 26, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • कल “मोदी” रुद्रपुर तो “नड्डा” परसों पिथौरागढ़-विकासनगर में भरेंगे हुंकार, कंगना भी आ सकती हैं उत्तराखंड

कल “मोदी” रुद्रपुर तो “नड्डा” परसों पिथौरागढ़-विकासनगर में भरेंगे हुंकार, कंगना भी आ सकती हैं उत्तराखंड

By on April 1, 2024 0 625 Views

देहरादून: लोकसभा की पांचों सीटों पर नामांकन का चरण पूरा होने के साथ ही चुनाव प्रचार रफ्तार पकड़ लेगा। दो अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रुद्रपुर में तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पिथौरागढ़ और विकासनगर में हुंकार भरेंगे। पार्टी दोनों स्टार प्रचारकों की चुनाव जनसभा कराने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में पीएम की जनसभा की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिसए।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी ने केंद्रीय नेताओं के जो कार्यक्रम बना कर भेजे हैं, उनमें से पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे तय हो गए हैं। पीएम नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोस सीट के रुद्रपुर में जनसभा करेंगे। पीएम की रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन और चार अप्रैल को उत्तराखंड में चुनाव प्रचार करेंगे। इस दौरान उनकी कुछ बैठकें भी होंगी। तीन अप्रैल को वह पिथौरागढ़ में अल्मोड़ा संसदीय सीट के प्रत्याशी के समर्थन में रैली करेंगे।

इसके बाद उसी दिन वह टिहरी लोस के विकासनगर में जनसभा करेंगे और कोर कमेटी की बैठक में चुनाव की रणनीति बनाएंगे। चार अप्रैल को राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। इसके बाद संतों के साथ बैठक करेंगे।

 कंगना भी आ सकती हैं उत्तराखंड

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अभिनेत्री कंगना रणौत भी पार्टी का प्रचार करने के लिए उत्तराखंड आ सकती हैं। पार्टी की ओर से इसके प्रयास किए जा रहे हैं। अप्रैल माह के पहले पखवाड़े में योगी आदित्यनाथ, अमित शाह, राजनाथ, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी समेत कई नेताओं की भी जनसभाएं होंगी।