September 30, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • फर्जी दस्तावेजों से जमीन की विरासत दर्ज, आयुक्त ने दिए FIR के निर्देश

फर्जी दस्तावेजों से जमीन की विरासत दर्ज, आयुक्त ने दिए FIR के निर्देश

By on September 30, 2026 0 3 Views

हल्द्वानी। नैनीताल के मल्ला निगलाट में फर्जी आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर भूमि का विरासतन नामांतरण कराए जाने का मामला सामने आया है। मामले में ग्रामवासियों ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के अनुसार, ओम प्रकाश नाम के एक व्यक्ति ने खुद को केशवदत्त पुत्र चन्द्रमणि का वारिस बताते हुए खतौनी में अपना नाम दर्ज करा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में न तो ओम प्रकाश नाम का कोई व्यक्ति रहता है और न ही खतौनी में दर्ज केशवदत्त का कोई वर्तमान निवासी के तौर पर पता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, केशवदत्त की मृत्यु वर्ष 1983 में हो चुकी थी। इसके बावजूद वर्ष 2026 में कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर भूमि का विरासतन नामांतरण कराया गया। इसके बाद करीब एक महीने के भीतर संबंधित भूमि की बिक्री भी कर दी गई।
मामले की सुनवाई के दौरान आयुक्त ने दस्तावेजों की प्रथम दृष्टया जांच में कई सवाल सामने आने की बात कही। शिकायतकर्ताओं ने कुछ लोगों की संलिप्तता का आरोप भी लगाया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारी नैनीताल को लैण्ड फ्रॉड की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र के कूटरचित होने की जांच तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा है।
आयुक्त ने संबंधित राजस्व कार्मिकों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपनी भूमि के अभिलेखों की नियमित जांच करने और किसी भी संदिग्ध प्रविष्टि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।