Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारिता सम्मान समारोह आयोजित निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को बचाने पर हुआ मंथन

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारिता सम्मान समारोह आयोजित निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को बचाने पर हुआ मंथन

By on May 22, 2026 0 24 Views

रामनगर के छोई स्थित निजी रेस्टोरेंट में संवेदना फाउंडेशन संस्था की ओर से हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पत्रकारिता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और बदलते दौर में मीडिया की भूमिका को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
समारोह में विभिन्न समाचार-पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े संपादकों, वरिष्ठ पत्रकारों, अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। रामनगर, हल्द्वानी और काशीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

वक्ताओं ने कहा कि आज पत्रकारिता सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज, राजनीतिक दबाव और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को बनाए रखना बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने और लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण स्तंभ है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को बचाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद पत्रकारों का दायित्व सत्य और जनहित को सर्वोपरि रखना है।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। वहीं रामनगर के दिवंगत पत्रकार स्वर्गीय जितेन्द्र पपनै, लक्ष्मीदत्त मंदोलिया और नितेश जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूचना अधिकार संगठन के संरक्षक प्रकाश हर्बोला और रामनगर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एम.सी. पांडेय रहे। वरिष्ठ पत्रकार विनोद पपनै, कमल हीरा, गणेश रावत तथा एडवोकेट पूरन चंद्र पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इस अवसर पर पत्रकार खुशाल रावत, गोविंद पाटनी, मोहम्मद उस्मान, राहुल सिंह दर्मवाल, एडवोकेट मदन मोहन गौनियाल, चंचल गोला, चंद्रशेखर जोशी, मयंक मैनाली, गौरव मंदोलिया, प्रकाश भट्ट, अज़ीम खान, हेम पांडेय, एडवोकेट मनु अग्रवाल, श्रीमती रेखा पपनै, मुकेश सुयाल, रोहित गोस्वामी, कैलाश सुयाल, कुलदीप अग्रवाल, संजय पाठक, कमल कफल्टिया, पुनीत शर्मा, पैट्रिक तरन बाबा और किशन गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में संवेदना फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल भंडारी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान तनुजा पांडेय, प्रतिभा रावत सहित संस्था के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।