October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • ट्रेन को बेपटरी करने की साजिश या कुछ और ? उत्तराखंड के रुड़की में रेलवे ट्रैक पर मिला गैस सिलेंडर

ट्रेन को बेपटरी करने की साजिश या कुछ और ? उत्तराखंड के रुड़की में रेलवे ट्रैक पर मिला गैस सिलेंडर

By on October 13, 2024 0 597 Views

रुड़की: बीते कुछ समय से देश के अलग-अलग हिस्सों से रेलवे ट्रैक को बाधित करने के कई मामले सामने आए है. रेलवे ट्रैक पर भारी भरकम चीजें रखकर ट्रेन को डिरेल करने की कोशिशें कई बार नाकाम की जा चुकी है लेकिन मामले रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं. अब ताजा मामला उत्तराखंड से सामने आया है.

इस बार उत्तराखंड में एक रेलवे ट्रैक पर गैस सिलेंडर मिला है और आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन को बेपटरी करने की साजिश के तहत इस सिलेंडर को ट्रैक पर रखा गया था. मामला उत्तराखंड के रुढ़की के पास ढंडेरा रेलवे स्टेशन का है.

रूड़की के नजदीक का है मामला
रविवार सुबह 06:35 बजे, एक मालगाड़ी (BCNHL/32849) के लोको पायलट ने रुड़की (RK) के स्टेशन मास्टर को सूचित किया कि लंढौरा (LDR) और ढंढेरा (DNRA) के बीच किमी 1553/01 पर ट्रैक पर एक सिलेंडर मिला है. यह घटना ढंडेरा स्टेशन से लगभग एक किमी दूर है.

 लगातार सामने आ रहे हैं मामले
पिछले दिनों रामपुर में भी इसी तरह का मामले सामने आया था. यहां एक ट्रेन की पटरी को बाधित किया गया है. यहां बिलासपुर और रुद्रपुर सिटी के बीच दून एक्सप्रेस को पटरी से उतारने का प्रयास किया गया. ट्रेन नंबर-12091 के लोको पायलट को ट्रैक पर 6 मीटर लंबा लोहे का खंभा मिला था. ड्राइवर ने ट्रेन रोककर ट्रैक साफ किया और फिर ट्रेन को सुरक्षित रूप से निकाला.

वहीं कानपुर में भी इसी तरह का मामला सामने आया था जहां रेलवे ट्रैक पर एलपीजी सिलेंडर रख दिया गया था और यहां से गुजरने वाली कालिंदी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई थी. इसके बाद अजमेर में भी रेलवे ट्रैक पर सीमेंटेड ब्लॉक रख दिया गया था. वहीं, यूपी के गाजीपुर जिले में रेलवे ट्रैक पर लकड़ी का बड़ा टुकड़ा मिला था. जो इंजन में फंस गया था. इसके चलते स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी आ गई और वो करीब 2 घंटे तक खड़ी रही थी.