October 25, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उत्तराखंड में 1094 जूनियर इंजीनियरों को बांटे गए नियुक्ति पत्र, सीएम बोले- हमने नया वर्क कल्चर बनाया

उत्तराखंड में 1094 जूनियर इंजीनियरों को बांटे गए नियुक्ति पत्र, सीएम बोले- हमने नया वर्क कल्चर बनाया

By on September 20, 2024 0 579 Views

देहरादून: संस्कृति विभाग ऑडिटोरियम में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल रूप से मौजूद रहे. कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत चयनित कनिष्ठ अभियंताओं (Junior engineer) को नियुक्ति पत्र सौंपा. उत्तराखंड सम्मिलित राज्य कनिष्ठ अभियंता सेवा परीक्षा 2023 के अंतर्गत चयनित 1094 कनिष्ठ अभियंताओं को चौदह विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं.

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार तेजी से लोगों को नौकरी देने का काम कर रही है. अभी तक 17,000 लोगों को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं. उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थी सरकार और लोगों के बीच की अहम कड़ी साबित होंगे और प्रदेश को तेजी से विकास के रास्ते पर आगे ले जाएंगे.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने (वर्चुअल) कहा कि सरकार नया वर्क कल्चर विकसित कर रही है, जहां तेजी से कम होता है. 6 माह के अंदर ही नौकरी का विज्ञापन निकाला और नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. राज्य विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है. सरकार इकोनॉमी के साथ-साथ इकोलॉजी पर भी काम कर रही है. उन्होंने कहा कि पुरानी सरकारों के समय में भ्रष्टाचार, धांधली और नकल माफिया का राज था.

सीएम धामी ने कहा कि आज प्रदेश सरकार ने देश का सबसे कड़ा नकल रोधी कानून बनाया है, जिसकी बदौलत आज हजारों की संख्या में लोगों को नौकरियां मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह नौकरी पाई है. आज से उनका असली काम शुरू होता है.