November 1, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में स्पेशल गेस्ट होंगे टिहरी के मुकेश…

गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में स्पेशल गेस्ट होंगे टिहरी के मुकेश…

By on January 24, 2025 0 335 Views

धनौल्टी: दिल्ली में गणतंत्र दिवस के मौके पर निवर्तमान प्रधान मुकेश दास विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल योजना’ के तहत प्रमाणित गांवों के बेस्ट परफॉर्मिंग पानी समिति (Best Performing VWSCs) के तहत थौलधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत घोन को चयनित किया गया है. जिसके लिए निवर्तमान प्रधान मुकेश दास को गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है.

बता दें कि साल 2024 में ग्राम पंचायत घोन में ‘जल जीवन मिशन’ के अंतर्गत करीब 10 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइप लाइन बिछाने का काम किया गया था. जिससे ग्राम घोन पंचायत के अंतर्गत आने वाले घोन तत्ला, मल्ला और लालूरी तोक के करीब 340 घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है. मुकेश ने अपने इस कार्यकाल के दौरान घोन ग्राम पंचायत में स्वच्छता के क्षेत्र में भी बेहतर कार्य किया है.

यहां सार्वजनिक शौचालय, सार्वजनिक कूड़ाघर के अलावा व्यक्तिगत कूड़ादान, कूड़ा निस्तारण प्वाइंट और पानी निकासी के लिए गांवों के घरों से नालियों का निर्माण किया गया है. इसके अलावा मनरेगा श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार दिलाने का काम किया गया. साथ ही वैश्विक महामारी कोरोनाकाल के दौरान घर लौटे प्रवासियों को भी मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध करवाया गया.

निवर्तमान ग्राम प्रधान और प्रशासक मुकेश ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह का निमंत्रण मिलने पर उन्हें बेहद खुशी हो रही है. इस मुकाम तक पहुंचने में उन्हें जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के साथ ही तमाम अधिकारियों का सहयोग मिला. उन्होंने गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने को लेकर इसे पूरी ग्राम पंचायत के लिए गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि गांव के लोगों के सामूहिक प्रयासों ने ही घोन ग्राम पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है.