October 29, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • एक्शन में परिवहन विभाग, टैक्स जमा नहीं करने पर 112 वाहनों की काटी आरसी

एक्शन में परिवहन विभाग, टैक्स जमा नहीं करने पर 112 वाहनों की काटी आरसी

By on November 15, 2024 0 567 Views

हल्द्वानी: व्यावसायिक वाहनों का बकाया वसूलने को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. व्यावसायिक वाहन स्वामियों द्वारा कई साल से वाहनों के मोटर वाहन कर नहीं जमा किया गया है. संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी संदीप सैनी ने बताया कि वाहनों के टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है, जहां पिछले कई सालों से मोटर वाहन कर जमा नहीं करने वाले 112 व्यावसायिक वाहन स्वामियों की आरसी काटी गई है. इन वाहन स्वामियों को कई बार नोटिस जारी किया गया, लेकिन उनके द्वारा टैक्स के रकम को जमा नहीं किया गया.

संदीप सैनी ने बताया कि पहले चरण में हल्द्वानी आरटीओ कार्यालय में पंजीकृत 112 वाहन मालिकों के खिलाफ आरसी की कार्रवाई की गई. जिसके तहत करीब 2 करोड़ 44 लाख रुपए की राजस्व वसूली होनी है. संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि सभी एआरटीओ को निर्देशित किया गया है कि टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामी के खिलाफ आरसी की कार्रवाई करें. जिन वाहनों के आरसी काटे गए हैं, अगर वह सड़क पर चलते हुए पाए गए तो उनको जब्त करने की कार्रवाई की जाए. उन्होंने बताया कि कई ऐसे बकायेदार हैं, जिनके ऊपर एक लाख से लेकर नौ लाख रुपए तक टैक्स का बकाया है.

आरसी की कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी को भेजा गया है. आगे राजस्व वसूली जिला प्रशासन स्तर पर की जाएगी. संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 24 -25 के लिए हल्द्वानी आरटीओ कार्यालय से 182 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य रखा गया है. जिसके सापेक्ष में विभाग द्वारा बेहतर कार्य करते हुए अभी तक 88 करोड़ रुपए की राजस्व की प्राप्ति की जा चुकी है. सरकार द्वारा दिए गए निर्धारित राजस्व लक्ष्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा.