Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • पश्चिम एशिया तनाव के बीच राहत: उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से बचने की अपील

पश्चिम एशिया तनाव के बीच राहत: उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से बचने की अपील

By on May 21, 2026 0 12 Views

देहरादून: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ईंधन बाजार में अस्थिरता के बीच उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। तेल कंपनियों ने साफ किया है कि राज्य में ईंधन और गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम जनता को घबराकर खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।

आईओसीएल उत्तराखंड के राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि तेल उद्योग अपने व्यापक सप्लाई नेटवर्क के जरिए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है। इसमें टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और रिटेल आउटलेट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन वितरण सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी किसी तरह की पाबंदी नहीं लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि पूरी आपूर्ति श्रृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए लगातार पुनःपूर्ति की जा रही है। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई भी सामान्य बनी हुई है और राज्यभर में वितरण सुचारू रूप से चल रहा है।

तेल विपणन कंपनियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। कंपनियों का कहना है कि वर्तमान में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह स्थिर है और इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।

गौरतलब है कि वैश्विक स्तर पर ईंधन बाजार में उतार-चढ़ाव के चलते कई राज्यों से पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरें सामने आई हैं। वहीं केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की चिंता भी बढ़ी है। हालांकि उत्तराखंड में फिलहाल तेल और गैस की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है।