दूषित पेयजल आपूर्ति पर सीएम धामी का सख्त एक्शन, छह इंजीनियर निलंबित
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन स्वास्थ्य से जुड़े मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति और लापरवाही के मामले में छह इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई उत्तराखंड जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों के खिलाफ की गई है। निलंबित अधिकारियों में जल संस्थान हल्द्वानी के प्रभारी अधीक्षण अभियंता, नैनीताल जल संस्थान के सहायक अभियंता और अपर सहायक अभियंता के साथ ही पेयजल निगम भीमताल के अधिशासी अभियंता, प्रभारी सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं।
वहीं, नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को भविष्य में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने कहा है कि जनहित सर्वोपरि है और जनता के हितों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर NEET UG 2026 की राज्य केंद्रीयकृत काउंसिलिंग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर प्रवेश लेने के मामले में आठ अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त कर उनकी प्रवेश प्रक्रिया रद्द की गई थी।

