October 29, 2026
Breaking News

उत्तराखंड में शुरू हुई देश की पहली इंडोर आइस स्केटिंग नेशनल चैंपियनशिप

By on June 28, 2025 0 223 Views

देहरादून: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के हिमाद्रि आइस रिंक में आज से 20वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप की शुरुआत हो गई है. इस चैंपियनशिप में 19 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं. नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप में आज पहले दिन 58 हिट्स मुकाबले आयोजित हुए.

देवभूमि उत्तराखंड की खेल उपलब्धियों में शुक्रवार को एक नया आयाम जुड़ गया है. यहां देश की पहली इंडोर आइस स्केटिंग नेशनल चैंपियनशिप की शुरुआत हो गई है. शुक्रवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम के हिमाद्री आइस रिंक में 20वीं नेशनल शॉर्ट ट्रैक एंड फिगर स्केटिंग चैंपियनशिप 2025 का शुभारंभ किया. प्रतियोगिता का समापन 30 जून को होगा.

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा अभी तक देश में आइस स्केटिंग की सभी नेशनल चैंपियनशिप बर्फबारी के सीजन में खुले पहाड़ी मैदानों में कराई जाती थी. पहली बार आइस स्केटिंग की नेशनल चैंपियनशिप इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है. खेल मंत्री ने कहा यह देवभूमि उत्तराखंड को खेल भूमि बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम है.

खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा हमारा यह आइस रिंक देशभर के खिलाड़ियों के अभ्यास व ट्रेनिंग के लिए खुला है. हम चाहते हैं कि इस खेल अवस्थापना का फायदा उठाकर भारत के खिलाड़ी दुनिया भर में आइस गेम्स में देश का नाम रोशन करें.

इस मौके पर आइस स्केटिंग के खिलाड़ियों ने सुंदर स्किल का प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों का संतुलन, गति और मूवमेंट्स बहुत शानदार थे. 19 राज्यों के आइस स्केटरों ने एक भव्य परेड का प्रदर्शन किया. चैंपियनशिप में जूनियर और सीनियर वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए कुल 58 हिट्स आयोजित की जा रही है.