September 11, 2026
Breaking News

हो जाएँ तैयार, 15 जनवरी को बीजेपी कर देगी टिकट फाइनल !

By on January 11, 2022 0 222 Views

देहरादून: भाजपा ने सभी 70 विधानसभा सीटों पर दावेदारों का पैनल बनाने के लिए रायशुमारी तेज कर दी है। पर्यवेक्षकों को हर सूरत में 15 जनवरी तक दावेदारों का पैनल प्रदेश नेतृत्व को सौंपने के निर्देश दिए हैं। पार्टी प्रदेश नेतृत्व ने 20 जनवरी के बाद ही प्रत्याशियों का ऐलान होने के संकेत दिए हैं। भाजपा ने दावेदारों का पैनल बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक भेजे हैं। इनमें से कई विधानसभा क्षेत्रों से पर्यवेक्षक रायशुमारी कर वापस देहरादून लौट चुके हैं, जबकि ज्यादात्तर विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक रायशुमारी में लगे हैं। प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद पार्टी ने अब पर्यवेक्षकों को रायशुमारी का काम ने तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों ने बताया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में छह-सात नेता भी अपनी दावेदारी जता रहे हैं।

इन्होंने भी दावेदारी पेश की

पार्टी के विभिन्न विस क्षेत्रों में कई अन्य बड़े नाम भी उबर कर सामने आए हैं। ये दावेदार मुख्यालय में दावेदारी पेश करने के लिए मजबूती से अपनी बात रख रहे हैं। कर्णप्रयाग सीट से भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य टीका प्रसाद मैखुरी ने भी दावेदारी की है। वे वर्ष 2007 से लगातार दावेदारी करते आ रहे हैं। धर्मपुर सीट से पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी के सलाहकार रहे व वरिष्ठ नेता प्रकाश सुमन ध्यानी ने भी अपनी दावेदारी जताई है।

वे हाईकमान के नेताओं से भी मिल कर आ चुके हैं। गंगोलीहाट सीट से भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री भुवन चंद्र ने भी दावा ठोका है। यमकेश्वर से युवा भाजपा नेता रमेश चंद्र गौड़ ने दावेदारी की है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल ने उत्तराखंड चुनाव प्रभारी  प्रह्लाद जोशी से मिलकर देहरादून कैंट से दावेदारी पेश की।

14 व 15 जनवरी तक पर्यवेक्षकों से दावेदारों के पैनल मांगें गए हैं। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व पैनलों पर चर्चा करेगा और हाईकमान को भेजेगा। पार्टी केंद्रीय संसदीय बोर्ड ही प्रत्याशियों का चयन करेगा। उम्मीद है कि 20 या 21 जनवरी तक पहले चरण के प्रत्याशियों के नाम का ऐलान हो जाएगा।

मदन कौशिक प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा 

घोषणापत्र के लिए 12 से जुटाएंगे सुझाव

भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र के लिए जनता की तरफ से दिए गए सुझावों का एकत्रीकरण 12 जनवरी से शुरू होगा।   भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि जनता के सुझावों से आगामी चुनावों को लेकर घोषणा पत्र तैयार करने की दिशा में पार्टी अपने अहम पड़ाव पर आगे बढ़ रही है। 12 से 15 जनवरी के बीच जिलों में सुझाव पत्र पेटिका एकत्रीकरण कार्यक्रम होंगे | इसके बाद इन्हें प्रदेश नेतृत्व को सौंपा जाएगा। भाजपा ने पिछले दिनों सभी विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी रथों से लगी सुझाव पेटिका भेजी थी। इनमें विधानसभा वार घोषणा पत्र के लिए सुझाव लिए गए।