October 30, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • ब्रिटेन से लौटने पर धामी का दून में ढ़ोल नगाड़ों से भव्य स्वागत, 12,500 करोड़ का MoU साइन करा कर लौटे हैं धामी…Video

ब्रिटेन से लौटने पर धामी का दून में ढ़ोल नगाड़ों से भव्य स्वागत, 12,500 करोड़ का MoU साइन करा कर लौटे हैं धामी…Video

By on September 30, 2023 0 496 Views

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपना चार दिवसीय लंदन का दौरा करके आज 30 सितंबर को देहरादून लौटे. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार स्वागत किया. इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और सुबोध उनियाल समेत कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजदू थे.

बता दें कि बीती 25 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार का एक डेलिगेशन ब्रिटेन गया था, जिसने ब्रिटेन में उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के लिए वहां के उद्योगपतियों को आमंत्रित किया. इसी तरह से ब्रिटेन में धामी सरकार ने करीब 12,500 करोड़ रुपए के निवेश के एमओयू (Memorandum of understanding) साइन किये.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वागत में देहरादून के बन्नू स्कूल के ग्राउड में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सीएम धामी हेलीकॉप्टर से सीधे बन्नू स्कूल के ग्राउंड में पहुंचे थे. इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि निवेश के लिए जो प्रतिनिधिमंडल ब्रिटेन दौरे पर गया था, उसने ब्रिटेन के दो बड़े शहरों में रोड शो किये थे. प्रदेश में करीब 12,500 करोड़ रुपए का निवेश होने जा रहा है, जिनके प्रस्तावों का एमओयू (Memorandum of understanding) साइन हो चुका है.

साथ ही उन्होंने बताया कि दिसंबर में देहरादून में उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 होने जा रहा है. उसमें निवेशकों का एक बड़ा वर्ग प्रदेश में निवेश करेगा. इस निवेश से प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी और यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी खुलेंगे. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उम्मीद जताई है कि उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के बाद प्रदेश की जीडीपी (सकल घरेलू दर) दो गुनी होगी.

वहीं इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सीएम धामी ब्रिटेन से प्रदेश के लिए 12,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की सौगात लेकर आए हैं, जो प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है. वहीं, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल और सुबोध उनियाल ने कहा कि जो ब्रिटेन से सीएम ने 12,500 करोड़ का निवेश प्रस्ताव लेकर आए हैं, उससे प्रदेश में उद्योग बढ़ेंगे, साथ ही तमाम क्षेत्रों में बेहतर काम होगा.