September 26, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • हरकी पैड़ी पर भावुक हुए हरीश रावत, कहा – अंतिम यात्रा हरिद्वार के प्रतिनिधि के तौर पर निकले, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

हरकी पैड़ी पर भावुक हुए हरीश रावत, कहा – अंतिम यात्रा हरिद्वार के प्रतिनिधि के तौर पर निकले, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

By on September 26, 2026 0 4 Views

हरिद्वार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरिद्वार से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताने के एक दिन बाद शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर हरकी पैड़ी पर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और पत्रकारों से बातचीत में अपनी राजनीतिक इच्छा के साथ व्यक्तिगत आकांक्षा भी साझा की।

हरीश रावत ने कहा कि हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा उनके मन में जरूर है, लेकिन अंतिम फैसला उस समय की परिस्थितियों, समय, स्वास्थ्य और उम्र को देखते हुए लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल है कि मानता नहीं और जो दिल मांगता है, वह हमेशा पूरा भी नहीं होता।

अंतिम इच्छा भी बताई

रावत ने भावुक अंदाज में अपनी अंतिम इच्छा बताते हुए कहा कि जब जीवन का अंतिम समय आए तो उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के प्रतिनिधि के तौर पर निकले। उन्होंने कहा कि हरिद्वार से उनका भावनात्मक जुड़ाव है और वह यहां की सेवा कर अपना कर्ज उतारना चाहते हैं।

उनकी यह टिप्पणी एक दिन पहले की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। शुक्रवार को हरकी पैड़ी पहुंचकर गंगा पूजन के बाद उन्होंने इस इच्छा को लेकर अपनी बात और स्पष्ट की।

धामी की तारीफ पर बोले- यह उनका बड़प्पन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से हाल में की गई सार्वजनिक सराहना को लेकर पूछे गए सवाल पर रावत ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का शिष्टाचार, सौम्यता और बड़प्पन है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद एक-दूसरे के प्रति सम्मान और शिष्टाचार बनाए रखना लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा है।

चुनाव आयोग को लेकर भी उठाए सवाल

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर भी हरीश रावत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पिछले दो-तीन वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और उसकी स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। रावत ने दावा किया कि हाल में दो चुनाव आयुक्तों के बयानों और रुख से राहुल गांधी की चेतावनियों की पुष्टि हुई है।

उन्होंने कहा कि चुनाव कराने वाली संस्थाओं की निष्पक्षता और साख पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। रावत ने मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल हटाने और उनके खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग भी की।