रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, सप्ताह में दो दिन चलेगी नई रेल सेवा, सीएम धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वर्चुअल शुभारंभ, यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रोजाना संचालन का संकेत
रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह नई रेल सेवा उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा बनेगी।
मुख्यमंत्री ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए संचालित होगी, जिससे कुमाऊं, गढ़वाल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच सीधी व सुगम रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ी है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों ने देश की तकनीकी क्षमता को नई पहचान दी है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जबकि उत्तराखंड को वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है। वर्तमान में राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस गढ़वाल और कुमाऊं के बीच मजबूत सेतु का काम करेगी। उन्होंने कहा कि यदि इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इसका संचालन सप्ताह में दो दिन से बढ़ाकर प्रतिदिन किया जाएगा।
रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाली 20 नई और विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, विधायक अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।

