रामनगर में कांग्रेस चलाएगी 8 दिवसीय जन जागरण अभियान, जनता के मुद्दों पर होगा संवाद
रामनगर। कांग्रेस रामनगर में जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 8 दिवसीय जन जागरण अभियान चलाने जा रही है। अभियान की तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र में लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उन्हें प्रमुखता से उठाएंगे। वन ग्रामों की समस्या कांग्रेस के प्रमुख मुद्दों में शामिल है। इसके साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाएं, बिजली कटौती, शिक्षा, नजूल और वर्ग-3 की भूमि से जुड़े मामले तथा जिला विकास प्राधिकरण से नक्शा पास कराने में आ रही दिक्कतों को भी अभियान में शामिल किया गया है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर रामनगर में कांग्रेस की ओर से कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी भी शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जन जागरण अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को समझेंगे और उन्हें संबंधित मंचों पर प्रमुखता से उठाएंगे।

