September 15, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • दून अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार, प्रत्येक फ्लोर में शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन काउंटर

दून अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार, प्रत्येक फ्लोर में शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन काउंटर

By on February 12, 2026 0 105 Views

देहरादून: उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बुधवार से मरीजों को लंबी कतारों में लगकर रजिस्ट्रेशन का पर्चा बनवाने से राहत मिली है. अस्पताल प्रशासन ने इस दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाते हुए ओपीडी के प्रत्येक फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर खोल दिए हैं.

अस्पताल की ओपीडी में यानी 9 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक आयुष्मान काउंटर भी संचालित होना शुरू हो गया है, यह नई व्यवस्था मरीजों को अनावश्यक भाग दौड़ से निजात दिलाएगी. इससे पूर्व कई मरीजों को भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए आपातकालीन विभाग जाना पड़ता था. जबकि इमरजेंसी और ओपीडी भवन अलग-अलग और काफी दूरी पर स्थित है. इससे न सिर्फ मरीजों और उनके तीमारदारों को असुविधा का सामना करना पड़ता था बल्कि आपातकालीन विभाग पर भी अनावश्यक दबाव पड़ता था.

इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद अब गंभीर आपात स्थितियों वाले मरीजों को इमरजेंसी में अधिक और त्वरित गति से उपचार मिल सकेगा. दून अस्पताल के डिप्टी मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉक्टर एन एस बिष्ट ने बताया कि अस्पताल प्रशासन के इस निर्णय से मरीजों के समय की बचत भी होगी , और उन्हें समय पर उपचार मिल सकेगा. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में व्यापक रणनीति का हिस्सा है.