- Home
- कॉर्बेट नेशनल पार्क
- सड़क हादसा में बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल!
सड़क हादसा में बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल!
रामनगर–हल्द्वानी मार्ग पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम गैबुआ के समीप बाइक और कार की जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कनोरी, बाजपुर, जिला ऊधम सिंह नगर निवासी राकेश, सचिन और सनी एक ही बाइक पर सवार रामनगर से अपने घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे गैबुआ गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से उन्हें रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राकेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि सचिन और सनी को हालात नाजुक होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

