October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • लंबे सस्पेंस के बाद उत्तराखंड कॉंग्रेस कप्तान का ऐलान: करण महरा को संगठन तो यशपाल को विधायक दल की कमान

लंबे सस्पेंस के बाद उत्तराखंड कॉंग्रेस कप्तान का ऐलान: करण महरा को संगठन तो यशपाल को विधायक दल की कमान

By on April 11, 2022 0 217 Views

देहरादूनः लंबे इंतजार और सस्पेंस के बाद आखिरकार उत्तराखंड कांग्रेस को अपना नया कप्तान मिल ही गया। संगठन के कप्तान के साथ ही विधायक दल के कप्तान का भी ऐलान कर दिया गया है। हाईकमान ने युवा तुर्क करण महारा को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं सूबे की सियासत के तजुर्बेकार नेता , पूर्व कैबिनेट मंत्री और बाजपुर विधायक यशपाल आर्य को विधायक दल का नेता चुना गया है। आर्य के डिप्टी के तौर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा सीट से चुनाव हारने वाले भुवन चंद्र कापड़ी को उपनेता नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इन फैसलों की जानकारी दी है।

 

आपको बता दें कि कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। गोदियाल ने यह कदम हाईकमान के हुक्म पर उठाया था।

 

कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चुनावी राज्यों की प्रदेश इकाइयों के प्रमुखों से कहा था कि वे पद छोड़ दें, ताकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन किया जा सके। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार कर सामना करना पड़ा। उसे 70 सदस्यीय विधानसभा में सिर्फ 19 सीट मिलीं, जबकि भाजपा ने 47 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी है।