November 19, 2026
Breaking News
  • Home
  • अन्य
  • हल्द्वानी मे केजरीवाल तो नानकमत्‍ता मे सीएम – राज्यपाल

हल्द्वानी मे केजरीवाल तो नानकमत्‍ता मे सीएम – राज्यपाल

By on September 19, 2021 0 372 Views

देहरादून  ‍दिल्ली के मुख्‍यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक अ‍रविंद केजरीवाल आज कुमाऊं की राजधानी कहे जने वाले शहर हल्‍द्वानी आ रहे हैं। वह तिरंगा यात्रा में शामिल होने के साथ कुछ बड़ी राजनीतिक घोषणाएं कर सकते हैं। उनके आगमन को लेकर उनकी पार्टी के साथ ही भाजपा और कांग्रेस नेताओं पर भी उनकी नजर है। वहीं मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी और नवनियुक्‍त राज्‍यपाल राज्यपाल गुरमीत सिंह आज नानकमत्‍ता गुरुवाद्वारे में मत्‍था टेकेंगे। वीवीआइपी की मूवमेंट के कारण प्रशासन और खुफिया तंत्र सक्रिय है।

तिरंगा यात्रा में शामिल होकर भरेंगे कार्यकर्ताओं में जोश

केजरीवाल तीसरी बार उत्तराखंड के दौरे पर पहुंच रहे हैं। इससे पहले वह दो बार देहरादून आए थे। उनका रविवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। वहां से सीधे काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस पहुंचेंगे और 12:30 बजे वाटिका बैंक्वेट हाल में प्रेसवार्ता करेंगे। केजरीवाल इस दौरान चुनाव के संबंध में भी कोई घोषणा कर सकते हैं। पिछली बार उन्होंने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा की थी। वार्ता के बाद करीब एक बजे वह तिरंगा संकल्प यात्रा में शामिल होंगे, जो बरेली रोड मंगलपड़ाव से रामलीला मैदान हल्द्वानी तक प्रस्तावित है। इसमें केजरीवाल के साथ मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए गए रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल समेत तमाम प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी भी शामिल रहेंगे। शनिवार को आप कार्यकर्ताओं ने यात्रा मार्ग पर बैनर व पोस्टर लगाए। वहीं, रामलीला मैदान से पहले प्रवेश गेट भी बनाया गया है।

सीएम व राज्‍यपाल का कार्यक्रम एक घंटे का

जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने बताया कि राज्यपाल गुरमीत सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को सुबह 9.50 बजे नानकमत्ता स्थित गुरुनानक एकेडमी में बनाए गए हैलीपैड पर उतरेंगे। यहां से कार से गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब में पहुंचकर मत्था टेकेंगे। राज्यपाल बनने के बाद पहली बार गुरमीत सिंह गुरुद्वारा नानकमत्ता जाएंगे। इस बीच करीब एक घंटे का समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद पूर्वाह्न 11.25 बजे हेलीकाप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नानकमत्ता विधायक ने बताया कि राज्यपाल व सीएम के साथ मुख्य सचिव एसएस संधू भी आएंगे।