खटीमा में 2.54 करोड़ की लागत से बने मां पूर्णागिरि मंदिर का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण, धर्मशाला और हाईटेक शौचालय की भी दी सौगात
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के नगला तराई स्थित नवनिर्मित मां पूर्णागिरि मंदिर में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां पूर्णागिरि का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्यता की कामना की।
2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के साथ मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में निर्मित धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का भी लोकार्पण किया।
मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों, पुजारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक परंपराएं और आस्था के केंद्र समाज को सकारात्मक ऊर्जा, एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद रहे।

