October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में युवाओं पर रहेगा विशेष जोर, मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा

प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में युवाओं पर रहेगा विशेष जोर, मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा

By on October 31, 2026 0 4 Views

देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन को प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाने के लिए शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित बैठक में सम्मेलन की प्रस्तावित रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सम्मेलन का आयोजन 13 नवंबर 2026 को दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखंडियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके अनुभव, उपलब्धियों और विशेषज्ञता का लाभ राज्य के विकास में मिल सके। उन्होंने पूरे देश का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासियों को आमंत्रित करने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने सम्मेलन में युवाओं की भागीदारी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभवों, नवाचारों और सफलताओं से जोड़ना जरूरी है, ताकि उन्हें प्रेरणा मिल सके।

बैठक में सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के पंजीकरण, उद्घाटन सत्र की रूपरेखा, प्रतिष्ठित प्रवासी उत्तराखंडियों के संबोधन के लिए अतिथियों के चयन और विभिन्न विषयों पर होने वाली पैनल चर्चाओं के लिए वक्ताओं के निर्धारण पर चर्चा हुई। सम्मेलन की समयावधि, सांस्कृतिक संध्या, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सम्मेलन से जुड़े सभी कार्यों की विस्तृत कार्यसूची तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी तय करने के साथ उसकी प्रगति पर भी नजर रखी जा सके। उन्होंने प्रवासी प्रकोष्ठ और संबंधित अधिकारियों को मंगलवार तक कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा तथा आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा।

बैठक में अधिकारियों ने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रस्तुतिकरण भी दिया। मुख्य सचिव ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सम्मेलन को सुव्यवस्थित, प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेंद्र चौधरी, युगल किशोर पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी और प्रवासी प्रकोष्ठ से सुधीर नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।