October 26, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • शिक्षक की अश्लीलता से परेशान छात्राओं ने स्कूल में जड़ा ताला; प्राचार्य पर कार्रवाई न करने का आरोप

शिक्षक की अश्लीलता से परेशान छात्राओं ने स्कूल में जड़ा ताला; प्राचार्य पर कार्रवाई न करने का आरोप

By on December 20, 2023 0 973 Views

छिंदवाड़ा: लोधीखेड़ा गर्ल्स स्कूल में एक शिक्षक पर छात्राओं पर अश्लील कमेंट करने और असभ्य सवाल पूछने का आरोप लगा है। इसको लेकर छात्राओं ने स्कूल में तालाबंदी कर दी। छात्राओं ने हाथ में तख्तियां लेकर एक घंटे तक अभिभावकों के साथ जमकर हंगामा किया। छात्राओं ने स्कूल के प्राचार्य पर भी अनदेखी के आरोप लगाए। छात्राओं तत्काल शिक्षक को हटाने की मांग की है। इस दौरान लगभग सभी छात्राएं नारेबाजी करते नजर आईं। मामला सोमवार का है।

यहां के शासकीय गर्ल्स स्कूल में एक शिक्षक पर छात्राओं ने अश्लील कमेंट करने के आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि शिक्षक उनके साथ असभ्य बात करता है। छात्राओं से इतने गंदे कमेंट करता है, जिसे बताने में उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो रही है। छात्राओं का आरोप है कि पहले उन्होंने स्कूल के प्राचार्य को इसकी शिकायत की थी, लेकिन शिकायत के बाद भी शिक्षक पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

स्कूल में लगा दिया ताला 

इस घटना से नाराज होकर छात्राओं ने स्कूल के गेट पर तालाबंदी कर दी। शिक्षक के खिलाफ हाथ में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की गई। हालांकि स्कूल के प्राचार्य ने इस मामले में समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रहीं और तत्काल कार्रवाई की बात कहती नजर आईं।

पालकों ने भी क़ी कार्रवाई की मांग 

कुछ छात्राओं के अभिभावक लोधीखेड़ा स्कूल पहुंचे, वहां पर उन्होंने अपने बच्चों के साथ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि ऐसे लापरवाह शिक्षक पर कार्रवाई की जाए जो इस तरह से बच्चियों के साथ गलत कमेंट करता है। फिलहाल स्कूल के प्राचार्य ने सारे मामले में कार्रवाई की बात कही है।