October 1, 2026
Breaking News

टीएचडीसी टनल में रेस्क्यू अभियान तेज, दो लापता लोगों की तलाश जारी

By on August 16, 2026 0 46 Views

चमोली। टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए रविवार को राहत एवं बचाव अभियान और तेज कर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और पुलिस की टीमें युद्धस्तर पर सघन खोजबीन में जुटी हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। टनल के भीतर पानी का स्तर कम करने के लिए पंपों के माध्यम से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। इसके साथ ही मलबा हटाने और टनल के भीतर फंसी मशीनों एवं अन्य भारी अवरोधों को बाहर निकालने का काम भी तेजी से किया जा रहा है।

रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के भीतर प्रत्येक संभावित स्थान की बारीकी से जांच की जा रही है। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और ऐसे सभी हिस्सों की भी सघन तलाशी ली जा रही है, जहां लापता लोगों के मौजूद होने की संभावना हो सकती है। अभियान में किसी भी संभावित स्थान को छोड़ा नहीं जा रहा है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी तथा तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद अब तक कुल 20 लोगों को टनल से बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की मृत्यु हुई है। टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।