October 29, 2026
Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • उत्तराखंड मे करेंगे नये जिलों का गठन, जानिये पिथौरागढ़ मे क्या बोले धामी ?

उत्तराखंड मे करेंगे नये जिलों का गठन, जानिये पिथौरागढ़ मे क्या बोले धामी ?

By on November 13, 2021 0 224 Views

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में नए जिलों के गठन को लेकर सरकार का रुख साफ किया है। सीएम ने कहा कि सरकार को इस संबंध में पूर्व में गठित आयोग की रिपोर्ट का इंतजार है। आयोग की यह रिपोर्ट के मिलने के बाद ही प्रदेश में नये जिलों के गठन के संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। तीन दिवसीय दौरे पर पिथौरागढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को यहां स्वागत समारोह के बाद भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर से जिस भी विकास योजना का शिलान्यास किया जा रहा है, उसे समयबद्ध तरीके से पूरा भी किया जाएगा। यह बात एकदम तय है।

सीएम ने कहा कि सीमांत पिथौरागढ़ में विकास की असीम संभावनाएं हैं। पिथौरागढ़ के साथ-साथ इसी तरह के प्रदेश के अन्य शहरों को भी स्मार्ट सिटी बनाने के लिए केन्द्र सरकार से आग्रह किया जाएगा। सीएम ने कहा कि पर्यटन आधारित प्रदेश में लोक संस्कृति से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन बेहद महत्वपूर्ण है। पिथौरागढ़ को नगर निगम बनाने से जुड़े सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि इस दिशा में उनकी सरकार विचार करेगी। सीएम ने कहा कि वे समस्याओं के सरलीकरण, समाधान एवं निराकरण के मंत्र के साथ तेजी से विकास कार्य कर रहे हैं। इसका लाभ समूचे उत्तराखंड की जनता को मिल रहा है।