October 8, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • रामनगर में सेवा सेतु शिविर, 190 शिकायतों में 98 का मौके पर निस्तारण

रामनगर में सेवा सेतु शिविर, 190 शिकायतों में 98 का मौके पर निस्तारण

By on October 8, 2026 0 3 Views

रामनगर। रामनगर में सेवा संकल्प अभियान, सेवा सेतु सरकार आपके द्वार सेवा पखवाड़े के तहत पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 24 विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया। इस दौरान कुल 190 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 98 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की। बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। संयुक्त चिकित्सालय में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी, नजूल भूमि फ्रीहोल्ड, खतौनी में नाम दर्ज कराने, बाजार में अव्यवस्थित पार्किंग, बिजली के पोल और तार, खराब वाहनों को हटाने और जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों के पुनर्निर्माण जैसी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

शिविर में सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत कुक्कुट और दुधारू पशुपालन के लिए चार लाभार्थियों को कुल 5 लाख 10 हजार रुपये के चेक वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पांच महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट दी। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता संदेश भी दिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान को सिर्फ शिकायतों के निस्तारण तक सीमित न रखते हुए जनसेवा और संवेदनशीलता का माध्यम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। रामनगर के बाद 9 अक्टूबर को धारी ब्लॉक मुख्यालय में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा।