November 24, 2026
Breaking News
  • Home
  • अन्य
  • रामनगर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने किया हरिपुरा-बौर जलाशय का शैक्षिक भ्रमण, एनडीआरएफ की मॉक ड्रिल से सीखी आपदा प्रबंधन की बारीकियां

रामनगर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने किया हरिपुरा-बौर जलाशय का शैक्षिक भ्रमण, एनडीआरएफ की मॉक ड्रिल से सीखी आपदा प्रबंधन की बारीकियां

By on November 23, 2026 0 85 Views

रामनगर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर के भूगोल विभाग एवं पीजी डिप्लोमा इन टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों को गुलरभोज स्थित हरिपुरा-बौर जलाशय का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जलाशय की भौगोलिक संरचना, प्राकृतिक विशेषताओं और पर्यटन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। साथ ही एनडीआरएफ की टीम द्वारा आयोजित मॉक ड्रिल का अवलोकन कर आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों की जानकारी भी प्राप्त की।

 

शैक्षिक भ्रमण दल को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एमसी पांडे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भ्रमण दल में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के कुल 33 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। भूगोल विभाग प्रभारी डॉ. सिराज अहमद एवं डॉ. गोकुल सत्याल के निर्देशन और संरक्षण में विद्यार्थियों ने हरिपुरा-बौर जलाशय का भ्रमण किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने जलाशय से संबंधित विभिन्न भौगोलिक एवं पर्यावरणीय पहलुओं की जानकारी एकत्रित की। वहीं, जलाशय में एनडीआरएफ की टीम द्वारा किए जा रहे अभ्यास को भी देखा। टीम के सदस्यों से विद्यार्थियों ने आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों और बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

इस अवसर पर डॉ. गोकुल सत्याल, डॉ. नरेश कुमार एवं डॉ. सिराज अहमद ने विद्यार्थियों को शैक्षिक भ्रमण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्राकृतिक एवं भौगोलिक स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एमसी पांडे ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमणों से विद्यार्थियों को भौगोलिक स्वरूपों की जानकारी मिलने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों की समस्याओं और उनके समाधान के उपायों को समझने का अवसर मिलता है।