हल्द्वानी में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की विशेष प्रतिवेदक का निरीक्षण, बाल सुधार गृह और नारी निकेतन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हल्द्वानी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली की विशेष प्रतिवेदक शोमिता विश्वास ने रविवार को हल्द्वानी में विभिन्न संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रोबेशन कार्यालय, बाल सुधार गृह, विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी और नारी निकेतन पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विशेष प्रतिवेदक ने संस्थानों में रह रहे बच्चों और महिलाओं से बातचीत कर उनके रहन-सहन, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही संस्थानों में साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव और बच्चों के पुनर्वास एवं दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की।
इस दौरान शोमिता विश्वास ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थानों में रह रहे बच्चों और महिलाओं को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी वर्षा आर्या, बाल सुधार गृह अधीक्षक विनोद डालाकोटी, विशेष दत्तक ग्रहण समन्वयक अंजलि नेगी, नारी निकेतन अध्यापिका पवनजीत, बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश चंद कांडपाल, चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक किरण पंत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

