October 29, 2026
Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • BJP इन पैरामीटर पर तय करेगी टिकट, जानिये कौन दावेदार होगा टिकट का हकदार…

BJP इन पैरामीटर पर तय करेगी टिकट, जानिये कौन दावेदार होगा टिकट का हकदार…

By on December 22, 2021 0 276 Views

देहरादून: चुनावी गतिविधियों की धार तेज करने के साथ ही भाजपा ने प्रत्याशी चयन को लेकर माथापच्ची शुरू कर दी है। इसके लिए टिकट के दावेदारों के जमीनी कद का आकलन किया जा रहा है, तो अलग-अलग सर्वे के माध्यम से जानकारी भी जुटाई जा रही है। साथ ही विधानसभा क्षेत्रों में तैनात विस्तारकों से भी दावेदारों के बारे में निरंतर फीडबैक लिया जा रहा है। प्रत्याशियों के चयन में विस्तारकों का फीडबैक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पिछले विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल कर सत्तारूढ़ हुई भाजपा के लिए इस बार प्रत्याशियों का चयन किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 70 में 57 सीटें जीती थीं। ऐसे में उसे सिटिंग विधायकों को तो साधना है ही, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में टिकट के दावेदारों की लंबी फौज भी खड़ी है। युवा उत्तराखंड-युवा मुख्यमंत्री का नारा दिए जाने के बाद से तो तमाम दावेदार आगे आए हैं। इस सबको देखते हुए प्रत्याशी चयन के लिए पार्टी को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। इस कड़ी में पार्टी अलग-अलग सर्वे के माध्यम से दावेदारों का कद तो आंक ही रही है, हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी पदाधिकारियों की टीमें भी भेजी गई हैं।

इसके अलावा पार्टी ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक विस्तारक की तैनाती की है। जिन व्यक्तियों को विस्तारक की जिम्मेदारी दी गई है, वे सभी विधानसभा क्षेत्र से बाहर के हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार वैसे तो विस्तारकों के पास विधानसभा क्षेत्र स्तर पर मतदाता सूची, बूथ स्तर पर इकाइयों का गठन, पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति, शक्ति केंद्रों व बूथ इकाइयों के कामकाज की निगरानी जैसे कार्यों का जिम्मा है, लेकिन इससे इतर उनसे अनौपचारिक रूप से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में टिकट के दावेदारों के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली जा रही है। इसके तहत दावेदारों की क्षेत्र में जमीनी पकड़, वर्ग और क्षेत्र विशेष के बीच बेहतर पैठ जैसे तमाम बिंदुओं पर ब्योरा लिया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी द्वारा विधानसभा क्षेत्रवार जो पैनल तैयार किए जाएंगे, उसमें नाम शामिल करते वक्त विस्तारकों से मिले फीडबैक को भी आधार बनाया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समाज में दखल रखने वाले प्रभावशाली व्यक्तियों से भी टिकट के दावेदारों के बारे में फीडबैक लिया जा रहा है। पार्टी चाहती है कि प्रत्याशियों के पैनल में जो भी नाम भेजे जाएं, वे ऐसे हों, जो जीत हासिल करने में सक्षम हों।