September 28, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • लोहियाहेड वाटर बाईपास बनेगा पर्यटन का नया केंद्र, CM धामी ने कहा – शारदा कॉरिडोर और रिवर फ्रंट परियोजना से क्षेत्र में बढ़ेगा पर्यटन

लोहियाहेड वाटर बाईपास बनेगा पर्यटन का नया केंद्र, CM धामी ने कहा – शारदा कॉरिडोर और रिवर फ्रंट परियोजना से क्षेत्र में बढ़ेगा पर्यटन

By on June 29, 2026 0 64 Views

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित लोहियाहेड वाटर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को इसे प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहेड वाटर बाईपास में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए इसे आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि शारदा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के माध्यम से भी इस क्षेत्र का समग्र विकास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही स्वरोजगार, स्थानीय व्यापार और लोगों की आय में भी वृद्धि होगी। सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का बेहतर उपयोग कर स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।