6 मई से उत्तराखंड दौरे पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, गढ़वाल में कार्यकर्ताओं में भरेंगी जोश
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस संगठन को सक्रिय करने में जुट गई है। इसी क्रम में पार्टी की प्रदेश प्रभारी Kumari Selja 6 मई से उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के दौरे पर रहेंगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने बताया कि पार्टी चुनावी तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कुमारी शैलजा ने तराई क्षेत्र का दौरा किया था और अब वह गढ़वाल में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी।
कार्यक्रम के अनुसार, कुमारी शैलजा 6 मई को देहरादून पहुंचेंगी। 7 मई को ऋषिकेश से श्रीनगर गढ़वाल होते हुए जिला कांग्रेस कमेटी पौड़ी के कार्यक्रम में भाग लेंगी और इसके बाद रुद्रप्रयाग के सोनप्रयाग पहुंचेंगी।
8 मई को वह हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी और अगस्त्यमुनि में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। 9 मई को चमोली जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक मुद्दों और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी।
इसके बाद वह बदरीनाथ धाम में रात्रि विश्राम करेंगी। 10 मई को बदरीनाथ में पूजा-अर्चना के बाद जोशीमठ और श्रीनगर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगी। इसके पश्चात चंबा (टिहरी) में भी जिला कांग्रेस कमेटी के साथ संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है।
प्रदेश कांग्रेस का मानना है कि इस दौरे से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार होगा। गढ़वाल दौरे के बाद कुमाऊं मंडल का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिससे पूरे प्रदेश में चुनावी तैयारियों को धार दी जाएगी।

